बेलवारिया जंगल हत्याकांड का खुलासा, संपत्ति विवाद में 5 आरोपी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के बेलवारिया जंगल में शनिवार देर रात हुई युवक की बेरहमी से हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। मृतक की पहचान धर्मेंद्र चौधरी के रूप में हुई है, जो रात का खाना खाने के बाद अपनी आटा चक्की जा रहा था। इसी दौरान बाइक सवार हमलावरों ने उसे रास्ते में घेर लिया और लाठी-डंडों व लोहे की सलाखों से ताबड़तोड़ हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, जिससे इलाके में भय और तनाव का माहौल बन गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना गौर, थाना परसरामपुर पुलिस, एसओजी टीम और सर्विलांस टीम बस्ती ने संयुक्त कार्रवाई की। पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या संपत्ति बंटवारे और पारिवारिक द्वेष के चलते की गई थी। इस संबंध में थाना गौर पर मुकदमा संख्या 181/2025 धारा 103(1), 191(2) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया।

पुलिस ने 22 दिसंबर 2025 की रात करीब 11 बजे थाना गौर क्षेत्र के सांवडीह मोड़ से पांच वांछित अभियुक्तों मोहन कुमार, जितेंद्र कुमार, आशीष मौर्य, राज चौधरी और अमरेंद्र कुमार उर्फ छोटू को गिरफ्तार किया। अभियुक्तों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, आला कत्ल, दो डंडे और मृतक का मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

Leave a Comment